यह ब्लॉग छत्तीसगढ़ के सबसे पुराने समाचार पत्र "अग्रदूत" में प्रकाशित कुछ लेखों को प्रकाशित करेगा . जिन्हे मेरे अग्रज, पत्र के प्रधान संपादक श्री विष्णु सिन्हा जी ने लिखा है .
ये लेख "सोच की लकीरें" के नाम से प्रकाशित होते हैं
उपचुनाव लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
उपचुनाव लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 13 अक्टूबर 2010

सोनिया दाई के लाडले रहे इस बंदे की चिंता करने की जरूरत नहीं है डा. रमन सिंह को

प्रदेश के विकास से यह बंदा खुश होने लगा तो उसे अपना बोरिया बिस्तर
बांधकर दुकान में ताला लगाना पड़ेगा। बंदा स्वयं संतुष्ट हो गया तो वह
अपने पक्ष में जनता को असंतुष्ट कैसे करेगा? बड़ी मुश्किल से तो
मुख्यमंत्री की कुर्सी मिली थी। कोई भी विधायक तैयार नहीं था मुख्यमंत्री
बनाने के लिए लेकिन सोनिया दाई प्रसन्न थी तो मुख्यमंत्री की कुर्सी पर
लाडले को बिठा दिया। बिठाने की जिम्मेदारी दिग्गी राजा को सौंपी गई थी और
बिठाने के चक्कर में छत्तीसगढ़ तो हाथ से गया ही गया, बेचारे की मरम्म्त
भी हो गयी थी। शान से बंदे ने तीन वर्ष तक छत्तीसगढ़ पर शासन किया। उसका
शासन करना कांग्रेसियों को ही रास नही  आया। विïद्याचरण शुक्ल तो ऐसा
बिफरे कि पार्टी छोड़कर बंदे की सरकार को गिराने के लिए पूरे छत्तीसगढ़
में तूफानी दौरा किया। फिर भी बंदे को उम्मीद थी कि वह चुनाव के बाद
सरकार बनाने में सफल हो जाएगा। इसके लिए भाजपा के विधायकों को भी उसने
फोड़ा। सत्ता की लड़ाई तो बंदे और विद्याचरण के बीच हो रही थी।

लेकिन छत्तीसगढ़ की जनता ने न बंदे को चुना और न ही विद्याचरण को बल्कि
चुन लिया भाजपा को और भाजपा ने सत्ता सौंप दी डा. रमन सिंह को। तब भी कुछ
नहीं बिगड़ा था। हालांकि फिर कोशिश चुनाव परिणाम के बाद की गई बंदे के
द्वारा कि भाजपा की सरकार न बने। बड़ा हंगामा हुआ। पत्रकारों को पत्रकार
वार्ता कर लाखों की थैली दिखायी गयी। बदनामी तो ऐसी हुई कांग्रेस की कि
कांग्रेस की सोनिया दाई को ही अपने लाडले को पार्टी की सदस्यता से
निलंबित करना पड़ा। लाडला तो फिर भी लाडला था। दाई का तो स्वभाव होता है,
अपने लाडले में गल्तियों को न देखने का। लोकसभा चुनाव के बहाने निलंबन
समाप्त हो गया। अभी भी लाडले से उम्मीद कम नहीं हुई। उम्मीद की सबसे बड़ी
किरण लाडले की योग्यता के साथ डा. रमन सिंह की सरकार के अलोकप्रिय हो
जाने की आशा से थी। इसी उम्मीद ने कांग्रेसी विधायकों को लाडले के साथ
जोड़ रखा था कि फिर से लाडला बहुमत विधायक दल में प्राप्त कर लेगा और
सरकार कांग्रेस की बन जाएगी। लाडला हर तरह से योग्य समझा जाता था और डा.
रमन सिंह उसके मुकाबले में कहीं लगते नहीं थे।

उम्मीद तो यह भी की जाती थी कि भाजपाई ही डा. रमन सिंह को अधिक समय तक
झेल नहीं पाएंगे। भाजपा में असंतोष फैलेगा तो भाजपा की लोकप्रियता का
ह्रास होगा। इसके साथ ही चतुर चालाक नौकरशाहों को अपने अनुसार चलाना डा.
रमन सिंह के बस की बात नहीं। भाजपा में भी मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नजर
टिकाए लोगों की कोई कमी तो नहीं थी लेकिन डा. रमन सिंह ने 5 वर्ष का
कार्यकाल पूरा किया और पूरा करने के पहले ही जनहितकारी योजनाओं की लंबी
श्रृंखला प्रारंभ की। 3 रू. किलो में 35 किलो चांवल ने तो कांग्रेस के
पुन: सत्ता में आने की हवा ही निकाल दी। फिर भी कांग्रेसी अपने लाडले के
नेतृत्व में पुन: सत्ता में आने की उम्मीद पाले थे। कितने ही लोग थे जो
कहते थे कि प्रदेश की हवा बदल गयी है और कांग्रेस सत्ता में आ रही है।
डा. रमनसिंह और उनकी भाजपा लौटने वाली नहीं है। नक्सली समस्या ने सरकार
की छवि मिट्टी  में मिला दी है लेकिन जब दूसरी बार चुनाव हुए और बस्तर से
ही जहां नक्सलियों का गढ़ है भाजपा ने  12 में से 11 सीटें जीती तो
कांग्रेस के सरकार बनाने के ख्वाब धराशायी हो गए।

सबसे बड़ी बात तो यही थी कि पिछले चुनाव में कांग्रेस के 7 प्रतिशत वोट
काटने वाले विद्याचरण शुक्ल भी कांग्रेस में ही लौट चुके थे। फिर भी
छत्तीसगढ़ के मतदाताओं ने डा. रमन सिंह को ही मुख्यमंत्री के रूप में फिर
से चुना। सबको समझ में आ गया कि डा. रमन सिंह से सत्ता छीनना आसान नहीं
है। अब जब डा. रमन सिंह के विरूद्घ जनता का समर्थन मिलता नहीं तो इसके
सिवाय चारा क्या है कि आपस में ही लड़ा जाए। वैशाली नगर का उपचुनाव जीतने
के बाद कांग्रेस में आशा का संचार हुआ कि जनता उसके पक्ष में आ रही है।
नगर निगम के चुनाव भी प्रमुख शहरों में जीतने से और आशा बंधी थी। लगता था
कि जनता का मन बदल रहा है। इसलिए भटगांव में जब उपचुनाव हुआ तो पूरी आशा
थी राज परिवार को टिकट देकर कि चुनाव जीत लिया जाएगा। पूरी पार्टी चुनाव
लडऩे भटगांव पहुंच गयी। जोश का उफान तो इतना था कि पुराने लाडले ने जोश
में कहा कि भटगांव चुनाव जीतने के बाद सरकार भसक जाएगी। जो जनता सरकार को
कायम देखना चाहती है, जब उसे भटगांव चुनाव जीतकर भसकाने की बात कही गयी
तो भटगांव के मतदाताओं का निर्णय और स्पष्ट हो गया कि किसी भी हालत में
कांग्रेस प्रत्याशी को नहीं जीतने देना है।

34 हजार से अधिक मतों से भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाकर मतदाताओं ने
स्पष्टï कर दिया कि वह डा. रमन सिंह की सरकार को भसकाने के बदले कांग्रेस
को ही भसकाना उचित समझती है। कांग्रेस हारी क्या कांग्रेस में घमासान मच
गया। पुराने लाडले ने पत्रकार वार्ता लेकर कह दिया कि कांग्रेस में ऊपर
से लेकर नीचे तक कांग्रेसी बिक गए। जिसका सीधा मतलब तो यही निकलता है कि
कांग्रेसी बिकाऊ हैं और जो खरीद सकते हैं खरीद ले। सार्वजनिक रूप से इसकी
घोषणा से जनता के बीच कांग्रेस की छवि बनी तो नहीं और बिगड़ गयी। ज्यादा
लाड़ प्यार से लाडले किस तरह से बिगड़ जाते हैं, यह बात अब तो सोनिया दाई
को अच्छी तरह से समझ में आ गयी होगी। टी. एस. सिंहदेव कह रहे हैं कि कोई
कोंग्रेसी बिका नहीं और सबने ईमानदारी से काम किया।

कौन सही बोल रहा है और कौन कांग्रेस की इज्जत खराब करने की कोशिश कर रहा
है, यह देखना काम तो सोनिया दाई का ही है। छत्तीसगढ़ के लोग देख रहे हैं
कि 10 वर्ष के पहले छत्तीसगढ़ में क्या था और आज क्या है? इन 10 वर्षों
में भी डा. रमन सिंह के 7 वर्ष के शासनकाल में छत्तीसगढ़ को क्या मिला?
सारी समस्याएं देन तो कांग्रेसी शासन की है और धीरे धीरे उन समस्याओं का
हल डा. रमन सिंह कर रहे हैं। डा. रमन सिंह को बंदे की चिंता करने की
जरूरत नहीं है। बंदा इसके सिवाय कुछ कर नहीं सकता। कहने का भी तभी तो कोई
अर्थ है जब लोग कहे पर विश्वास करें। जनता स्वयं सत्य का साक्षात्कार कर
रही है तो वह झूठी बातों पर विश्वास नहीं कर सकती। जो बंदा जिस डाल पर
बैठा है, जब उसे ही काटने में नही  चूकता तो वह छत्तीसगढ़ का क्या उद्घार
करेगा?

छत्तीसगढ़ के लाभ से जिसका कोई लेना देना नहीं तब तक जब तक की वह लाभ
उसके द्वारा नहीं, ऐसे व्यक्ति को छत्तीसगढ़ की जनता अच्छी तरह से
पहचानती है। भाजपा के वरिष्ठ नेता नंदकुमार साय ने ही कहा है कि
विद्याचरण कहते है कि जब तक यह बंदा कांग्रेस का नेता है तब तक
कांग्रेस छत्तीसगढ़ में आ नहीं सकती। कांग्रेस में ऐसा मानने वालों की
कमी नहीं है। कभी सोनिया दाई के लाडले रहे इस बंदे की चिंता करने की
जरूरत नहीं है, डा. रमन सिंह को।

- विष्णु सिन्हा
12-10-2010

गुरुवार, 7 अक्टूबर 2010

डा. रमनसिंह और बृजमोहन अग्रवाल ने भटगांव में कांग्रेस को हारने के लिए बाध्य कर दिया

कड़ी टक्कर, कांटे की टक्कर, फिर अंत में बराबरी का मुकाबला जैसे अखबारी
जुमलों को धत्ता बताकर भाजपा की रजनी त्रिपाठी 35 हजार से अधिक मतों से
चुनाव समर में विजयी हो गयी। महल का प्रभाव, राजा के चाचा को टिकट,
कांग्रेसियों का प्रयास सब निष्फल साबित हो गया, कांग्रेस के लिए। जिनकी
जबान नहीं थकती थी, यह कहते हुए कि सरकार के विरूद्घ जनता में भारी
आक्रोश है और वे निश्चय ही भटगांव चुनाव जीतेंगे, उन सबके चेहरे उतर गए
हैं। वही पुराना राग अलापा जा रहा है कि सरकारी तंत्र का दुरूपयोग किया
गया। मतदाताओं को खरीदा गया। इसलिए कांग्रेस चुनाव हार गयी। असलियत जो
चुनाव परिणाम से सामने आता है, वह तो  सरकार के समर्थन में जनता की
शाबासी ही है। डा. रमन सिंह की बात से मतदाता सहमत हैं कि जो काम 50 वर्ष
में कांग्रेस की सरकार नहीं कर पायी, वह काम भाजपा ने 7 वर्ष में किया
है।

कांग्रेस ने अपनी तरफ से कम प्रयास नहीं किया। विधायकों की पूरी फौज को
चुनाव जीतने के लिए उतारा गया। अंबिकापुर में टिके विधायकों को चुनाव
क्षेत्र में जाकर वहीं रूकने के लिए प्रदेश प्रभारी नारायण सामी ने
धमकाया। यदि अंबिकापुर में नजर आए तो अगले चुनाव में टिकट न देने तक की
बात कही गयी। प्रदेश अध्यक्ष धनेन्द्र साहू और प्रतिपक्ष के नेता
रविन्द्र चौबे तो जीत के लिए इतना उत्साहित थे कि पूरे समय चुनाव क्षेत्र
में ही जमे रहे। कांग्रेस के इकलौते लोकसभा सदस्य चरणदास महंत ने पूरी
ताकत अपनी टीम के साथ लगायी। लगता था बिना चुनाव जीते वे मानने वाले नहीं
हैं लेकिन चुनाव परिणाम स्पष्ट कर गया कि चुनाव पर प्रभाव पडऩा तो दूर,
कांग्रेस पिछले चुनाव से भी बुरी तरह हारी।

छत्तीसगढ़ में कोई, माने या न माने लेकिन खुद को सबसे बड़ा कांग्रेसी
नेता मानने वाले पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने तो भटगांव में रोड शो तक
किया। भटगांव चुनाव जीतकर प्रदेश से भाजपा की सरकार की उल्टी गिनती की भी
बात की। आलाकमान आदेश दे तो प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनाने का दावा भी
किया। कांग्रेसी एकजुट हैं, यह भी प्रदर्शित करने की पूरी कोशिश की गयी
लेकिन परिणाम यह हुआ कि पुरानी जीत के रिकार्ड को दरकिनार कर भाजपा की
रजनी त्रिपाठी ने जीत का ऐसा परचम लहराया कि सब रिकार्ड ध्वस्त हो गए।
युवक कांग्रेस और एनएसयूआई का चुनाव जीत जाना अलग बात है और सीधे
मतदाताओं से समर्थन प्राप्त करना एकदम अलग बात है। अभी भी समझ में नहीं
आया है कि भाजपा की जड़ें कितनी गहरी हो गयी है, लोगों के दिलो दिमाग पर
तो स्वप्न देखते रहिए और उम्मीद करिये स्वप्न का जगत टूटे न। स्वप्न
देखना है तो नींद में जाना भी जरूरी नहीं। क्योंकि कांग्रेसी जागते हुए
भी स्वप्न देखने के अनुभवी हो चुके हैं।

कभी एक पक्षीय कांग्रेस के पक्ष में रहने वाले छत्तीसगढ़ ने अच्छी तरह से
अनुभव कर लिया है कि कोग्रेस सरकार और भाजपा सरकार में अंतर क्या है?
कांग्रेसी बड़ी उम्मीद कर रहे थे कि बृजमोहन अग्रवाल के चुनाव संचालन का
रिकार्ड इस बार ध्वस्त हो जाएगा। अभी तक जितने भी क्षेत्रों में बृजमोहन
अग्रवाल ने चुनाव का संचालन किया, जीत ही भाजपा के हिस्से में आयी। इस
बार भी रिकार्ड टूटा नहीं है बल्कि कांग्रेसियों को जिस तरह से मुंह की
खानी पड़ी है, वह तो नया रिकार्ड है। डा. रमन सिंह तो दूर की बात हैं,
बृजमोहन अग्रवाल से ही कांग्रेसी निपट नहीं पा रहे हैं। महल और सरकार का
मुकाबला चुनाव के समय करने वाले भी अब सरकार का ही गुणगान करते नजर आएं
तो कोई आश्चर्य की बात नहीं। क्योंकि बिन पेंदी के लोटों का स्वभाव कुछ
छुपा तो है, नहीं।

परिणाम आने के पहले अजीत जोगी कह रहे थे कि जब तक डा. रमन सिंह की सरकार
है, नक्सल समस्या से प्रदेश मुक्त नहीं हो सकता। राष्टपति शासन लगाया
जाना चाहिए और दूसरी तरफ जाकर रेल रोको आंदोलन कर रहे हैं। रेल तो केंद्र
सरकार की है और केंद्र में कांग्रेस की ही सरकार है। फिर रेल सुविधाओं के
विस्तार के लिए अजीत जोगी को रेल रोको आंदोलन में सम्मिलित होने की क्या
जरूरत है? वे अपनी सरकार से कहें और सरकार सुविधा बढ़ाए लेकिन लगता है कि
केंद्र सरकार में अजीत जोगी की सुनवायी ही नहीं होती। होती तो आंदोलन की
जरूरत ही क्यों पड़ती? इसी से हालत समझ में आती है कि जनता तो सुनती नहीं
और सुनती भी है तो मानती नहीं। खुद की सरकार तवज्जो देती नहीं। करें तो
क्या करें ? फिर डा. रमन सिंह पर जनता का विश्वास और पुख्ता होता जाता है
तो करें तो क्या करें? आखिर अपनी सरकार के भी विरूद्घ आंदोलन करना पड़
रहा है।

कभी विश्वसनीय रहे लोग भी एक एक कर किनारा कर गए। 3 वर्ष तक डा. रमन सिंह
की सरकार को दूर दूर तक खतरा नहीं है। भटगांव चुनाव परिणाम ने और स्पष्ट
कर दिया है। उसके बाद भी चुनाव हुए और डा. रमन सिंह और उनकी सरकार की
लोकप्रियता इसी तरह बढ़ती रही तो फिर राजनीति में भविष्य ही क्या है? आज
5 विधायक हैं। कल को वे भी नहीं रहेंगे। आलाकमान है कि सुनता ही नहीं।
तव्वजों देने की बात तो दूर है। पत्नी को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की
गुजारिश भी सुनी जाएगी या अनसुनी यह तो नियुक्ति से ही तय हो जाएगा।
भटगांव चुनाव परिणाम ने कांग्रेसियों को आईना तो दिखाया ही है। डा. रमन
सिंह छत्तीसगढ़ में सरकार बनाने  के अजीत जोगी के वक्तव्य का जवाब दिन
में स्वप्न देखने की बात कहकर दे चुके हैं।

डा. रमन सिंह अजातशत्रु हैं, यह भटगांव के चुनाव परिणाम ने फिर से सिद्घ
कर दिया है। प्रारंभ में भाजपा के नेताओं के असंतोष की बात अवश्य उठी थी
लेकिन शिवप्रताप सिंह का निलंबन समाप्त कर डा. रमनसिंह ने ऐसा पांसा
फेंका कि कांग्रेस उफ तक नहीं कर सक रही है। जीत से भाजपाइयों का
उत्साहित होना तो स्वाभाविक है लेकिन राष्ट्रीय  अध्यक्ष नितिन गडकरी
अपनी पिछली यात्रा में तीसरी बार जीतने की तैयारी करने के लिए कह गए हैं।
इसलिए डा. रमन सिंह और संगठन अपनी तैयारियों में लग गया है। भाजपा की
एकजुटता के साथ सरकार के काम उसकी उपलब्धि हैं। पिछले 7 वर्षों में
छत्तीसगढ़ राज्य ने जिस तरह से विकास के पथ पर अपने कदम बढ़ाएं हैं, वह
डा. रमन सिंह और उनकी पूरी टीम की सोच का ही नतीजा है। 3 वर्ष का समय तो
बहुत होता है और डा. रमन सिंह छत्तीसगढ़ की जनता को क्या उपहार देंगे, यह
अभी कांग्रेस की कल्पना के भी बाहर है। 3 रू. किलो चांवल तो कोंग्रेस
भूली नहीं है कि डा. रमन सिंह ने किस चमत्कारिक ढंग से पूरा माहौल ही बदल
दिया था। वे कहते भी हैं कि उनका खजाना जनता के लिए खुला हुआ है और जनता
के हित में उसे लुटाना वे बंद करने वाले नहीं हैं। ऐसे दरियादिल इंसान के
साथ छत्तीसगढ़ का मतदाता खड़ा नहीं होगा तो किसके साथ खड़े होगा?

- विष्णु सिन्हा
04-11-2010

शुक्रवार, 24 सितंबर 2010

नारायण सामी की अगले चुनाव में टिकट न देने की धमकी से क्या विधायक डर जाएंगे ?

भटगांव में मतदान के लिए अब 7 दिन ही शेष है। क्षेत्र के लोगों को छोड़कर
बाहरी लोगों के लिए चुनाव प्रचार के लिए तो अब 5 दिन ही शेष बचे हैं। 5
वें दिन सभी को चुनाव क्षेत्र से बाहर का रास्ता नांपना पड़ेगा।
छत्तीसगढ़ के कांग्रेस प्रभारी नारायण सामी ने कांग्रेसी विधायकों को
चेतावनी दी है कि कोई भी भटगांव के बाहर अंबिकापुर में दिखायी न दे।
अधिकांश विधायकों ने अंबिकापुर में ही डेरा डाल रखा है। नारायण सामी तो
यहां तक चेतावनी दे गए कि यदि कोई विधायक अंबिकापुर में दिखायी दिया तो
उसकी अगले चुनाव में टिकट काट दी जाएगी। इसका तो यह भी अर्थ निकलता है कि
मजबूरी में कांग्रेसी विधायक भटगांव चुनाव प्रचार के लिए अवश्य पहुच गए
हैं लेकिन उनकी रूचि कोई बहुत ज्यादा चुनाव प्रचार में नहीं है। वैसे भी
क्षेत्र उनके लिए नया है। कार्यकर्ता भी अपरिचित की तरह ही हैं। फिर टिकट
काटने  जैसी धमकियां की परवाह कांग्रेसी विधायक नहीं करते। जब अगला चुनाव
होगा तब कौन टिकट बांटेगा और जीते हुए विधायक की टिकट तो वैसे भी काटना
आसान नहीं होता।

एक बार सत्ता में रहे पार्टी तो ऐसा कर भी सकती है। जैसा पिछले चुनाव में
भाजपा ने किया था लेकिन जब तक गंभीर शिकायत न हो, विधायक के हार जाने की
ही संभावना नहीं तब तक टिकट काटना करीब करीब असंभव होता है। जब टिकटों का
फैसला होता है तब सबसे पहले टिकट वर्तमान विधायकों की ही फायनल होती है।
पार्टी को खुलेआम नुकसान पहुंचाने वालों तक की गंभीर शिकायत के बावजूद
छोटों पर भले ही कार्यवाही हो लेकिन बड़े नेताओं पर कार्यवाही कहां होती
है। सभी कांग्रेसी अच्छी तरह से जानते हैं कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को
बैकफुट पर कौन ले गया? हालांकि उस नेता के पर कतरने की कम कोशिश नहीं की
गई लेकिन पार्टी का प्रमुख चेहरा बनने की उसकी कोशिशों को तो रोका नहीं
जा सका। फिर बिना गाड फादर के कांग्रेस में रहकर टिकट प्राप्त करना आसान
नहीं है। जिसका गाडफादर प्रदेश का कोई नेता नहीं, उसके भी गाडफादर दिल्ली
में बैठे नेता हैं और वे इतने शक्तिशाली हैं कि कौन उनकी टिकट काट सकता
है?

राहुल गांधी युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के द्वारा कांग्रेस को नए युवा
नेता देना चाहते हैं। इसके लिए वे चुनाव भी करवा रहे हैं। चुनाव में वह
हर तरह का हथकंडा अपनाया जा रहा है जो किसी  भी चुनाव में अपनाया जाता
है। फिर भी स्वतंत्र रूप से युवा नेता कहां उभर रहे हैं? रोज समाचार
पत्रों में चुनाव की जो खबरें प्रकाशित हो रही हैं, उनमें स्पष्ट रूप से
लिखा जा रहा है कि फलां नेता का प्रत्याशी फलां जगह से विजयी हुआ। कोई
जोगी गुट का नेता है तो कोई विद्याचरण शुक्ल का तो कोई चरणदास महंत का
और तो और संगठन गुट का भी नेता है। अब ये गुटों में बंटे युवा वर्ग के
नेता कितना कांग्रेस को लाभ पहुंचाएंगे  और कितना नुकसान यह हर कांग्रेसी
अच्छी तरह से समझता है। पार्टी को लोकप्रिय बनाने के हर प्रयास को पलीता
लगाने में गुटीय नेता कहीं से भी पीछे नहीं हैं। हर कोई चाहता है कि युवक
कांग्रेस का जो अध्यक्ष बने, वह उसका वफादार हो। जिन युवाओं को भटगांव
चुनाव में भागीदारी निभानी चाहिए, वे अपने चुनाव में व्यस्त हैं।
आज तो पूरी पार्टी को भटगांव चुनाव जीतने के लिए उतारा गया है लेकिन
इसका कितना सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। जिन्हें भटगांव विधानसभा क्षेत्र के
लोगों की मानसिकता का ही पता नहीं है, वे किस तरह से मतदाताओं को
प्रभावित करेंगे? फिर मतदाता उन्हें पहचानता नहीं और न ही ये मतदाताओं को
पहचानते हैं। न पहले कभी इन्हें देखा और न ही चुनाव के बाद ये दिखायी
देने वाले हैं तब इन  पर मतदाता विश्वास कैसे करेंगे ? बाहरी लोगों से
मतदाता बिचक जाएं तो कोई आश्चर्य की बात नहीं। समाचार तो यह भी है कि रात
में प्रचार करना संभव नहीं। जंगल के रास्तों में नक्सली भय भी है। नारायण
सामी विधायकों से उम्मीद करते हैं कि वे उन क्षेत्रों में ही रहे जहां की
जिम्मेदारी उन्हें दी गई है तो वहां रहना बिना सुख सुविधाओं के संभव  है,
क्या?  अपने विधानसभा क्षेत्र में सब कुछ परिचित हैं। जब वहां रूकने के
बदले लोग मुख्यालय लौट आते हैं तब अंबिकापुर ही उनके लिए सुविधाजनक स्थान
है। आदेश देना अलग बात है और आदेश का पालन करना अलग। स्वयं नारायण सामी
ही किसी जंगल के गांव में 5 दिन रहकर देख लें। वे तो वीआईपी हैं और
प्रोटोकाल के तहत उन्हें सुविधा मिल सकती है। वैसे आचार संहिता  के कारण
उन्हें भी सुविधा न मिले तब वे समझ सकेंगे कि विधायक क्यों अंबिकापुर में
टिके हुए हैं?

चुनाव कांग्रेस जीते या हारे, विधायकों को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा
सकता। वे सीधे सीधे चुनाव जितवाने के लिए जिम्मेदार नहीं है। किसी से भी
उसके क्षेत्र से बाहर जाकर प्रचार करने के लिए कहना आसान है लेकिन प्रचार
से मनचाहा परिणाम प्राप्त कर लेना आसान नहीं है। फिर भटगांव का चुनाव
कांग्रेस जीत भी गयी तो इन विधायकों को किसी तरह का श्रेय नहीं मिलने
वाला है। तब श्रेय लेने वालों की एक अलग जमात है। अधिकांश तो श्रेय न
मिले तो ऐसे काम में रूचि नहीं लेते और प्रतिद्वंदी को श्रेय मिले तो
उन्हें नुकसान की आशा होती है। प्रतिद्वंदी ताकतवर बने तो इससे तो स्वयं
को ही नुकसान होना है। अच्छा तो यही है कि प्रत्याशी हार जाए तो हार का
ठिकरा प्रतिद्वंदी के सर पर फोड़ा जा सके। प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश
कार्यकारिणी का गठन होना है। बहुतेरे आशान्वित हैं कि उन्हें अवसर
मिलेगा। कुछ को जीत से उम्मीद है पदाधिकारी बनने की तो कुछ को हार से
उम्मीद है। किसी को जीत में अपना भविष्य उज्जवल दिखायी देता है तो किसी
को हार में। अब जिसकी जैसी मानसिकता होगी, वह उसी के अनुसार तो काम
करेगा।

बहुत कठिन डगर है, जीत की। कांग्रेस को भाजपा से ही चुनावी मुकाबला नहीं
करना है बल्कि अपने लोगों से भी करना है। राज परिवार को जीत का श्रेय
लेना है तो उन लोगों के लिए जरूरी है कि राज परिवार का प्रत्याशी हार जाए
जिन्हें राज परिवार के कमजोर होने में ही लाभ दिखायी देता है। नारायण
सामी, धनेन्द्र साहू ओर रविन्द्र चौबे को जीत का श्रेय लेना है। क्योंकि
वे तभी आलाकमान से अपनी अच्छी चरित्रावलि लिखवा सकते हैं। जीत से ही
सिद्घ होगा कि इनके नेतृत्व में पार्टी वापस अपनी लोकप्रियता हासिल कर
रही है। ये वाहवाही प्राप्त करेंगे तो बहुतों के लिए यह शुभ नहीं होगा जो
प्रदेशाध्यक्ष बनना चाहते हैं, प्रतिपक्ष का नेता बनना चाहते हैं, उनके
स्वप्न तो धूल धुसरित हो जाएंगे। अब कांग्रेस वह स्वतंत्रता संग्राम की
पार्टी तो है नहीं, जिसमें सभी कोंग्रेसी पद की नहीं त्याग की भावना रखते
थे। अब तो तेल देखो और तेल की धार देखो का जमाना है। अपने लिए कोई
गुंजाईश बनती है तो पार्टी का भी भला हो जाए तो कोई बुराई नहीं। अपना भला
न हो तो दूसरे का लाभ सोचने का जमाना नहीं है। इसलिए धमकियों से डरने
वाले कांग्रेसी नहीं हैं। वे तो यह भी जानते हैं कि जो चाहे, करो। पार्टी
से निलंबित या निष्कासित होने पर भी पार्टी में फिर से जगह बना लेना कोई
कठिन काम नहीं है। कितने तो हैं। पार्टी ने निकाला लेकिन फिर से पार्टी
में ही दिखायी देते हैं।

- विष्णु सिन्हा
24-09-2010


सोमवार, 20 सितंबर 2010

रजनी त्रिपाठी पिछले चुनाव की तुलना में और अधिक मतों से विजयी हों तो कोई आश्चर्य की बात नहीं

शिवप्रताप सिंह की भाजपा में वापसी हो गयी है। कल मुख्यमंत्री डा. रमन
सिंह ने इसकी घोषणा की। डा. रमन सिंह ने कहा कि पूरे मान सम्मान के साथ
उनकी वापसी हो रही है। शिवप्रताप सिंह जनसंघ के जमाने से पार्टी से जुड़े
रहे हैं और पार्टी ने उन्हें संसदीय बोर्ड सहित प्रदेश का अध्यक्ष भी
बनाया था। पुत्र के निर्दलीय चुनाव लडऩे के कारण उन्हें निलंबन का दंश
झेलना पड़ा लेकिन कल उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि वे सदा से पार्टी के
साथ रहे हैं और भटगांव चुनाव जीतने में वे कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उनके
पुत्र का निष्कासन पार्टी ने रद्द करने की घोषणा नहीं की है लेकिन वह भी
देर अबेर रद्द तो हो ही जाएगी। भटगांव से रजनी त्रिपाठी की जीत अब
शिवप्रताप सिंह के लिए भी प्रतिष्ठï की बात हो गयी है। शिवप्रताप सिंह
के बिना जब भाजपा भटगांव चुनाव जीत सकती है तब शिवप्रताप सिंह की वापसी
के बाद चुनाव न जीतने का तो प्रश्र ही खड़ा नहीं होना चाहिए।

कल वर्षा के कारण मुख्यमंत्री करीब 4 घंटे देरी से सम्मेलन स्थल पर
पहुंचे लेकिन वर्षा के बावजूद भीड़ का टस से मस न होना इस बात की निशानी
है कि कार्यकर्ताओं में जीत के प्रति पूरा विश्वास है। करीब 10 हजार
कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यकर्ताओं की जब इतनी बड़ी फौज चुनाव जीतने के
लिए कमर कस कर तैयार है तो कांग्रेसी भले ही भाजपा के प्रत्याशी के हार
की कल्पना करें लेकिन लगता नहीं कि कांग्रेस भाजपा को हरा पाएगी। राज
परिवार का ही एक सदस्य चुनावी मैदान में है और राज परिवार ने क्षेत्र के
लिए ऐसा कुछ नहीं किया है कि जिसे याद कर मतदाता राज परिवार के सदस्य को
चुनाव में विजयी बनाएं। ऐसी स्थिति होती तो चुनाव प्रचार के लिए प्रदेश
भर से विधायकों को इकट्ठा  करने की जहमत नही  उठायी जाती। बड़े बड़े नेताओं
को चुनाव प्रचार के लिए लाने की कोशिश नहीं की जाती। यू. एस. सिंहदेव को
प्रत्याशी बनाकर कांग्रेस ने पहले ही राजपरिवार के समक्ष आत्मसमर्पण कर
दिया है। किसी जनता के बीच के आदमी को कांग्रेस प्रत्याशी भी बनाती तो
जनता को लगता भी कि उनके बीच से कोई खड़ा हुआ है लेकिन ऐसा न कर कांग्रेस
ने एक तरह से पहले ही मान लिया है कि राज परिवार नहीं जीत सकता तो किसी
अन्य को जितवाने की क्षमता कांग्रेस में नहीं है।

मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट कर दिया है कि
चुनाव उन्हें ही लडऩा और जीतना है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से आए नेता
उन्हें सहयोग करने के लिए आए हैं। पिछले 18 माह में जो विकास कार्य स्व.
रविशंकर त्रिपाठी ने प्रारंभ करवाएं, वे तो पूर्ण होंगे ही, पिछले 50
वर्षों में जो विकास के कार्य नहीं हुए, वह भी आगामी साढे 3 वर्ष में किए
जाएंगे। जब मुख्यमंत्री स्वयं यह बात कह रहे हैं तो उस पर अविश्वास का
कोई कारण नहीं है। लोकसभा चुनाव के समय कांग्रेस ने मतदाताओं से वादा
किया था कि वह 3 रू. किलो में अनाज गरीबों को देगी लेकिन कांग्रेस की
सरकार केंद्र में बनने के बावजूद आज तक तो कांग्रेस यह कर नहीं पायी।
चर्चा तो यहां तक है कि सोनिया गांधी चाहती हैं कि इसे लागू किया जाए
लेकिन सरकार लागू नहीं करना चाहती। क्योंकि सरकार की दृष्टि में इस तरह
की योजनाएं विकास के कार्य में बाधा है। कांग्रेस की सरकार तो अनाज को
सड़ाना पसंद करती है लेकिन उच्चतम न्यायालय के आदेश के बावजूद गरीबों को
मुफत बांटने के लिए तैयार नहीं हैं। ऊपर से प्रधानमंत्री उच्चतम न्यायालय
को सलाह दे रहे हैं कि वे नीतिगत मामले में हस्तक्षेप न करें।

जब सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह सत्ता के दो अलग अलग केंद्र दिखायी दे
रहे हैं तो फिर जनता कितना कांग्रेस पर विश्वास करे। प्रधानमंत्री मनमोहन
सिंह ने तो वित्त मंत्री नरसिंहराव की सरकार में रहते हुए ही संसद में
स्पष्ट कर दिया था कि चुनाव में जनता से वादा करना अलग बात है और सत्ता
में आने के बाद उसे पूरा करना अलग बात। प्रधानमंत्री को विकास दर की
चिंता है। क्योंकि विकास दर उन्हें अंतर्राष्टरीय प्रतिष्ठï देते हैं।
भारत के करोड़ों गरीबों की आकांक्षाओं को तिलांजली देकर विकास दर की जिसे
चिंता है, उसके विषय में निर्णय तो सोनिया गांधी को करना चाहिए। क्योंकि
उन्हीं पर विश्वास कर जनता ने कांग्रेस को वोट दिया था। सरकार जनता की
आकांक्षा की कसौटी पर सही साबित नहीं हुई तो जनता को सरकार से मुंह फेरते
वक्त नहीं लगता। सरकार को बनाना और उसे सत्ताच्युत करना जनता अच्छी तरह
से जानती है। यह तो सोनिया गांधी के लिए सोच का विषय है कि जो व्यक्ति
जनता से जनादेश प्राप्त करने में ही हिचकता है, वह कितना जनता का हित कर
सकेगा।

छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस  के साथ नहीं है, यह उसने दो बार सिद्घ निरंतर
किया है। केंद्र सरकार और कांग्रेस की उपेक्षा का शिकार भी छत्तीसगढ़
वर्षों रहा है। कभी छत्तीसगढ़ की जनता आंख मूंदकर कांग्रेस का समर्थन
करती थी। बदले में उसे पिछड़ेपन के तो और कुछ नहीं मिला। पहली बार विकास
का स्वाद छत्तीसगढ़ ने भाजपा के शासनकाल में चखा है। जनता को 2 रू. और 1
रू. किलो चांवल खिलाकर भी विकास दर छत्तीसगढ़ की देश में सबसे ज्यादा है।
यह तब है जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार है और वह हर तरह का प्रयास
करती है कि छत्तीसगढ़ की विकास योजनाओं पर अड़ंगा लगाया जाए। कांग्रेस ने
कभी राजाओं का प्रीविपर्स बंद कर गरीबों की हितैषी पार्टी की छवि बनायी
थी लेकिन आज जब पार्टी का टिकट देने का मामला सामने होता है तो जीत की
लालसा में टिकट राज परिवार के सदस्य को ही थमायी जाती है। आज भी कांग्रेस
राज परिवार के ही भरोसे सत्ता की आसंदी पर बैठना चाहती है।

भाजपा को सांप्रदायिक कहकर तो छत्तीसगढ़ में वोट बटोरे नहीं जा सकते।
क्योंकि डा. रमन सिंह किसी तरह के भेदभाव की बात नहीं करते बल्कि विकास
की और सिर्फ विकास की बात करते हैं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों की बैठक
लेकर 24 तारीख को राम जन्म भूमि बनाम बाबरी मस्जिद मामले में आने वाले
फैसले के परिपे्रक्ष्य में स्पष्ट निर्देश दे दिया है कि किसी भी  तरह
से अशांति फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाए। कांग्रेस का आदिवासी
कार्ड भी छत्तीसगढ़ में पूरी तरह से फेल हो चुका। आदिवासियों को विश्वास
डा. रमन सिंह पर है। भटगांव के मतदाता भी अच्छी तरह से जानते हैं कि
विकास की गंगा जो क्षेत्र में डा. रमन सिंह के कारण बह रही है, उसमें
विराम लगाने का काम होगा कांग्रेस प्रत्याशी को विजयी बनाने से। कौन अपने
हाथ से अपने पैर में कुल्हाड़ी मारना पसंद करेगा ?

अभी 3 वर्ष से अधिक समय आम चुनाव के लिए बचा हुआ है। भटगांव की जीत हार
से सरकार के स्वास्थ्य पर कोई असर नहीं पड़ता। सरकार तो भाजपा और डा. रमन
सिंह की ही रहेगी। तब एक मतदाता को यही अक्लमंदी लगे कि भाजपा के
प्रत्याशी को विजयी बनाया जाए तो कोई आश्चर्य की बात नहीं बल्कि पिछली
बार की तुलना में भाजपा की रजनी त्रिपाठी और अधिक मतों से जीत सकती है।
कांग्रेस इसीलिए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति चुनाव परिणाम आने के बाद
करना चाहती है। जिससे कोई गिला शिकवा न रहे कि उन्हें पद पर पुन.
प्रतिष्ठित क्यों नहीं किया गया ?

विष्णु सिन्हा
19-09-2010